केंद्र में सत्ताधारी पार्टी अब देश के मुस्लिम समुदाय की भाषा पर नियंत्रण कर रही है- महबूबा मुफ्ती
श्रीनगर, 17 सितंबर (हि.स.)। पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने गुरुवार को भाजपा पर असुरक्षित होने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र में सत्ताधारी पार्टी अब देश के मुस्लिम समुदाय की भाषा पर नियंत्रण कर रही है।
बुशरा बानो के मामले का जिक्र करते हुए जिन्हें कथित तौर पर एक वीडियो में मुस्लिम अभिवादन के इस्तेमाल के कारण पदभार संभालने के सिर्फ ढाई महीने के भीतर ही तबादला कर दिया गया था।
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि इस तरह की घटनाएं अब अल्पसंख्यक समुदाय को चौंकाती नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बुशरा बानो का 'अस्सलामु अलैकुम', 'इंशाअल्लाह' और 'जज़ाक अल्लाह' कहने पर तबादला होना और उसके बाद पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी द्वारा चुनाव को मुस्लिम निष्ठा की 'परीक्षा' कहना जो पूरे समुदाय के लिए एक छिपा हुआ खतरा है अब हमें चौंकाता नहीं है।
उन्होंने कहा कि यह हास्यास्पद है कि शांति और ईश्वर के आशीर्वाद का आह्वान करने वाले साधारण शब्द भी इस बड़ी राजनीतिक पार्टी को हिला सकते हैं। राजनीतिक विचार-विमर्श में उन्होंने कहा कि यह और भी हास्यास्पद है कि तीन साधारण शब्द – 'आप पर शांति हो', 'ईश्वर की इच्छा से' और 'ईश्वर की स्तुति हो', इतनी बड़ी और शक्तिशाली पार्टी को हिला सकते हैं। उन्होंने कहा कि पहले हमारे भोजन, कपड़े और विवाह, अब तो हमारी शब्दावली और हमारे वोटों पर भी पहरा लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि असुरक्षा, तेरा नाम भाजपा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता