पुलिस ने बारामूला के चंदूसा इलाके में हुई घर में चोरी की वारदात को सुलझाते हुए दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

 


बारामूला 16 अगस्त ( हि.स.)। बारामूला पुलिस ने चंदूसा इलाके में हुई घर में चोरी की वारदात को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस द्वारा आज दी गई जानकारी के अनुसार 9 अगस्त 2026 को पुलिस स्टेशन चंदूसा को निलसर इलाके में एक घर से तांबे के बर्तन चोरी होने की शिकायत प्राप्त हुई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने निलसर निवासी इसाक अजीज खान पुत्र अब्दुल अजीज खान से पूछताछ की जिसके बाद उसने चोरी में अपनी संलिप्तता का खुलासा किया।

आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई संपत्ति निलसर में जमीन के अंदर छिपाई गई जगह से कार्यकारी मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, वागूरा तथा स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बरामद की गई।

बरामद सामान में 53 तांबे की वस्तुएं, जिनमें ताश, नीर, समावर, केंज, कटोरे, सरपोश, ट्रामी और बर्तन शामिल हैं।

जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने एक अन्य आरोपी सैयद आकिब शाह पुत्र मोहम्मद अमीन शाह निवासी तकिया यूसुफ शाह की संलिप्तता का भी पता लगाया जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता