पुलिस ने मीरान साहिब में एक कुख्यात अपराधी और उसके साथी को हेरोइन जैसे 41 ग्राम पदार्थ के साथ किया गिरफ्तार
जम्मू 02 सितंबर (हि.स.)। जम्मू जिले की मीरान साहिब पुलिस को एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के एक मामले में एक कुख्यात अपराधी और उसके साथी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुल मजीद उर्फ बाबल पुत्र मो. हनीफ निवासी डाक बंगला मरैलियन, मीरान साहिब और वरिंदर सिंह उर्फ बिन्नी जट्ट पुत्र अवतार सिंह निवासी मोगा पंजाब वर्तमान में नरवाल जम्मू में रह रहे के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को प्राथमिकी नंबर 138/2026 के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया जो मीरान साहिब पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22/29/60 और आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत दर्ज की गई थी।
ऑपरेशन के दौरान अब्दुल मजीद उर्फ बाबल के पास से हेरोइन जैसा 21 ग्राम पदार्थ और एक धारदार हथियार (टोका) बरामद किया गया। इसके अलावा वरिंदर सिंह उर्फ बिन्नी जट्ट के पास से हेरोइन जैसा 20 ग्राम पदार्थ बरामद किया गया। बताया जाता है कि अब्दुल मजीद उर्फ बाबल एक कुख्यात अपराधी है और वह 20 से अधिक प्राथमिकी में शामिल रहा है जिनमें एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज कई मामले भी शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि ये गिरफ्तारियां और बरामदगी नशीले पदार्थों के नेटवर्क को खत्म करने और आदतन अपराधियों की गतिविधियों को रोकने की जम्मू पुलिस की लगातार कोशिशों में एक और बड़ी कामयाबी है। मामले की आगे की जांच चल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता