पीडीपी अध्यक्ष ने अमित शाह से केंद्र शासित प्रदेश के रचनात्मक समुदाय के समर्थन के लिए विशेष फंड देने की मांग की
श्रीनगर, 19 अक्टूबर(हि.स.)। पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से 'प्रसार भारती जम्मू-कश्मीर' के लिए अलग से फंड देने और केंद्र शासित प्रदेश में रचनात्मक समुदाय (क्रिएटिव कम्युनिटी) को सहारा देने के लिए संस्कृति मंत्रालय के तहत विशेष योजनाएं शुरू करने की मांग की है।
इस महीने की शुरुआत में शाह को लिखे एक पत्र में महबूबा ने कहा कि कलाकार, संगीतकार, लेखक, थिएटर से जुड़े लोग और फिल्म निर्माता हमारी विरासत के संरक्षक हैं और जम्मू-कश्मीर के महत्वपूर्ण सांस्कृतिक राजदूत हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी कला के माध्यम से वे हमारी समृद्ध सभ्यतागत पहचान की रक्षा करते हैं राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देते हैं और जम्मू-कश्मीर को शेष भारत से जोड़ने वाले एक अहम पुल का काम करते हैं। इस महत्वपूर्ण भूमिका को बनाए रखने के लिए उन्हें ठोस संस्थागत समर्थन और निरंतर प्रोत्साहन की आवश्यकता है।
जम्मू-कश्मीर में कला समुदाय की स्थिति सुधारने के लिए शाह से हस्तक्षेप की मांग करते हुए महबूबा ने सार्वजनिक प्रसारकों (पब्लिक ब्रॉडकास्टर्स) के लिए अलग से फंड देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में दूरदर्शन और आकाशवाणी केंद्रों पर स्थानीय कंटेंट बनाने के लिए पर्याप्त और निर्धारित फंड आवंटित किया जाए जिसमें विशेष रूप से 'डीडी कश्मीर' पर ध्यान दिया जाए।
उन्होंने यह भी मांग की कि संस्कृति मंत्रालय और अन्य संबंधित केंद्रीय सांस्कृतिक संस्थाएं जम्मू-कश्मीर के रचनात्मक समुदाय के लिए विशेष पहल करें और उन्हें वित्तीय सहायता प्रदान करें। उन्होंने आगे कहा कि इससे यह सुनिश्चित होगा कि हमारे कलाकारों के पास अपनी कला रचने, उसे प्रस्तुत करने और सम्मानजनक आजीविका कमाने के लगातार अवसर उपलब्ध रहें।
पीडीपी अध्यक्ष ने कहा कि सांस्कृतिक ढांचे को मजबूत करना और रचनात्मक समुदाय की आजीविका की रक्षा करना राष्ट्रीय सद्भाव, सामाजिक एकजुटता और भारत की बहुलवादी विरासत को सहेजने की दिशा में एक रणनीतिक निवेश है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता