ओबीसी मोर्चा ने नौशहरा–सुंदरबनी में संगठनात्मक बैठक की, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
जम्मू, 02 जुलाई (हि.स.)। भाजपा ओबीसी मोर्चा जम्मू-कश्मीर यूटी के प्रदेश अध्यक्ष ब्रह्म ज्योत सत्ती ने नौशहरा–सुंदरबनी जिले में संगठनात्मक बैठक आयोजित कर मोर्चे की गतिविधियों की समीक्षा की तथा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में जिला पदाधिकारियों, मंडल प्रतिनिधियों और मोर्चा के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लेते हुए संगठनात्मक कार्यों एवं पार्टी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श किया।
बैठक के दौरान ब्रह्म ज्योत सत्ती ने चल रही संगठनात्मक कार्यशाला की समीक्षा करते हुए सभी जिला एवं मंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि मोर्चा की प्रत्येक बैठक, अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रम और अन्य गतिविधियों का विवरण पार्टी के संगठनात्मक पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से अपलोड किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे संगठनात्मक कार्यों का बेहतर दस्तावेजीकरण होगा और विभिन्न स्तरों पर उनकी प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सकेगी।
बैठक में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने शहरी क्षेत्रों में रहने वाले कुम्हार (प्रजापति), तेली, धोबी तथा नाई (बारबर) समुदायों को ओबीसी प्रमाण पत्र जारी करने के दायरे में शामिल किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। इस पर ब्रह्म ज्योत सत्ती ने कहा कि यह मांग पूरी तरह न्यायोचित है और भाजपा ओबीसी मोर्चा इसे संबंधित सक्षम अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाता रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समर्पण, अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने का आह्वान किया। साथ ही जनता के साथ नियमित संवाद बनाए रखने, पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक पात्र वर्ग तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा