भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जम्मू शहर में नगर निगम ने तैयारियों को किया तेज

 

जम्मू, 23 जुलाई (हि.स.)।जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश में मौजूदा समय में बारिश काफी ज्यादा हो रही है। इसी के दौरान मौसम विभाग ने भी बारिशों को लेकर रेड अलर्ट जारी किया हुआ है। इन बारिशों के कारण जम्मू-कश्मीर में काफी ज्यादा नुकसान और तबाही देखने को मिल रही है।

वहीं जम्मू शहर में भारी बारिश के बाद सुबह-सुबह ही जम्मू नगर निगम ने मॉनसून की तैयारियों को और तेज कर दिया है। इसके तहत नालियों की तेजी से सफाई और गाद निकालने का अभियान शुरू किया गया है साथ ही जल-जमाव और नालियां बंद होने की शिकायतों का तुरंत समाधान करने के लिए एक खास इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम भी सक्रिय किया गया है।

जम्मू नगर निगम के कमिश्नर डॉ. देवांश यादव के निर्देशों पर अमल करते हुए सफाई टीमें शहर भर की बड़ी और छोटी नालियों की सफाई और गाद निकालने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रही हैं ताकि बारिश का पानी आसानी से बह सके और संवेदनशील इलाकों में बाढ़ का ख़तरा कम हो सके।

चल रहे कामों की प्रगति का जायजा लेने के लिए, संयुक्त आयुक्त (स्वास्थ्य और स्वच्छता) अब्दुल सत्तार ने जम्मू में कई जगहों का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फील्ड अधिकारियों और सफाई टीमों को गाद निकालने (डीसिल्टिंग) का काम तेजी से करने, जल निकासी व्यवस्था को सुचारू रखने और लगातार बारिश के कारण पैदा होने वाली किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए।

मानसून के दौरान लोगों की सुरक्षा के प्रति जेएमसी द्वारा प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कमिश्नर डॉ. देवांश यादव ने सभी अधिकारियों को 24×7 सतर्क रहने और ज़रूरत पड़ने पर तुरंत मैनपावर और मशीनरी तैनात करने का निर्देश दिया। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि जलभराव या बंद नालियों से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई में देरी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आम लोगों को तुरंत मदद देने के लिए जेएमसी ने नॉर्थ ज़ोन और साउथ ज़ोन दोनों के लिए मॉनसून इमरजेंसी हेल्पलाइन शुरू की हैं। जिन नागरिकों को जल-जमाव, नालियों के ओवरफ्लो होने या नालों के जाम होने की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, खासकर रात के समय।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता