ब्राह्मण समाज पर अभद्र टिप्पणी का मामला गरमाया, कठुआ में एफआईआर दर्ज, सख्त कार्रवाई की मांग

 


कठुआ, 06 अप्रैल (हि.स.)। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में ब्राह्मण समाज पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर जम्मू-कश्मीर सहित देशभर में आक्रोश देखा जा रहा है। इसी के चलते श्री ब्राह्मण सभा कठुआ ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कठुआ पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवा दिया है।

श्री ब्राह्मण सभा कठुआ के अध्यक्ष सुरेंद्र मेहता की अध्यक्षता में सभा के सदस्य पुलिस स्टेशन पहुंचे और लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान उन्होंने कहा कि ऐसे बयान समाज में आपसी भाईचारे को बिगाड़ने का प्रयास हैं जिन्हें किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभा के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी धर्म, समाज या जाति के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने की हिम्मत न करे।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए सभा के सदस्यों ने कहा कि भारत एक विविधताओं वाला देश है जहां सभी धर्म और जातियां मिलकर एकता का प्रतीक हैं। लेकिन कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी महापुरुष या समाज की आड़ लेकर अपमानजनक बयान देना निंदनीय है और ऐसे मामलों में कानून को सख्ती से लागू किया जाना चाहिए। इस मौके पर नरेश शर्मा, रजनीकांत शर्मा, रॉबिन शर्मा, अनिल भारद्वाज, सचिन खजुरिया, सक्षम शर्मा, मोहन शर्मा सहित ब्राह्मण समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया