जम्मू में हिंदुओं के धर्म परिवर्तन का मामला अत्यंत गंभीर, सरकार अविलंब सच्चाई सामने लाए: शिवसेना

 

जम्मू, 22 मार्च (हि.स.)।

शिवसेना (यूबीटी) की जम्मू-कश्मीर इकाई प्रमुख मनीश साहनी ने जानीपुर क्षेत्र में एक ही हिंदू परिवार के चार सदस्यों के धर्म परिवर्तन के हालिया खुलासे पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने इस घटना को बेहद संवेदनशील और गंभीर बताते हुए सरकार व प्रशासन से इस पूरे मामले की सच्चाई अविलंब सामने लाने की मांग की है।

आज यहां जारी एक बयान में मनीश साहनी ने तीखे सवाल उठाते हुए कहा कि यह मामला साधारण नहीं प्रतीत होता। उन्होंने कहा, “यह अत्यंत संदेहास्पद है कि आखिर किन परिस्थितियों और किन शक्तियों के दबाव में 16 वर्षों तक पहचान को छुपाकर रखा गया? इसके पीछे कौन सी ताकतें काम कर रही थीं, इसकी गहन जांच होनी चाहिए।

उन्होंने आशंका जताई कि इस पूरे प्रकरण के पीछे कोई संगठित नेटवर्क, आर्थिक प्रलोभन या डराने-धमकाने की सोची-समझी साजिश हो सकती है। शिवसेना ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों को बेनकाब किया जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता