हड़ताल पर बैठे डॉक्टरों की इंटर्नशिप संबंधी मांगें वास्तविक हैं-सकीना इटू
श्रीनगर, 04 सितंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर की स्वास्थ्य मंत्री सकीना इटू ने शुक्रवार को कहा कि हड़ताल पर बैठे डॉक्टरों की इंटर्नशिप संबंधी मांगें वास्तविक हैं और इन्हें पूरा करने की प्रक्रिया बहुत पहले ही शुरू कर दी गई थी। उन्होंने विपक्ष पर झूठी सहानुभूति जताने और इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाते हुए उन पर निशाना साधा।
मीडिया से बात करते हुए मंत्री इटू ने कहा कि इंटर्न की मांगों से संबंधित फाइल वित्त विभाग के पास है और सरकार इस पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बच्चे भी मुझसे मिले थे। मैंने उनसे कहा कि आपकी मांग वास्तविक है। हम इसमें आपकी मदद कर रहे हैं। आपको हड़ताल पर जाने की जरूरत नहीं है।
आंदोलनकारी डॉक्टरों के समर्थन में कैंडल मार्च निकालने के लिए विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे झूठी सहानुभूति दिखा रहे हैं। जब वे सत्ता में थे तब वे उनका वेतन 5 पैसे भी नहीं बढ़ा सके। आज वे खोखले दावे कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब वे सत्ता में थे तो उन्होंने इंटर्न के लिए क्या किया। अगर उन्होंने कुछ किया है तो उसे सामने लाएं।
मंत्री ने आगे कहा कि वे 15 वर्षों से विफल रहे हैं। हम 2 वर्षों से सरकार में हैं। मैं उनसे 15 वर्षों का हिसाब मांगना चाहती हूं। उन्होंने सवाल किया कि उन्हें 2 करोड़ खाते कहां से मिले। उन्हें नौकरियां कहां से मिलीं। उन्होंने बिजली कहां से मुहैया कराई। उन्होंने पानी कहां से मुहैया कराया।
राज्य का दर्जा बहाल करने के प्रति नेशनल कॉन्फ्रेंस की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए मंत्री ने कहा कि पार्टी जम्मू और कश्मीर से छीने गए अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि हम उन अधिकारों के लिए लड़ते रहेंगे जो हमसे छीन लिए गए हैं। यह जम्मू और कश्मीर के लोगों की आवाज है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता