सरकार ने युवा सेवा एवं खेल विभाग में फेरबदल का दिया आदेश

 

जम्मू, 15 मई (हि.स.)। जम्मू कश्मीर सरकार ने आज युवा सेवा एवं खेल विभाग में फेरबदल का आदेश दिया है जिसके तहत कई अधिकारियों का तबादला किया गया और उन्हें तत्काल प्रभाव से अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

एक आधिकारिक आदेश के अनुसार कई प्रभारी जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारियों (डीवाईएसएसओ) और शारीरिक शिक्षा व्याख्याताओं (पीईएल) को जम्मू और कश्मीर के विभिन्न जिलों में तैनात किया गया है। स्थानांतरण आदेश के तहत सुनील कुमार को शोपियां से कठुआ स्थानांतरित किया गया है जबकि सुनील सिंह सांब्याल को कठुआ से सांबा स्थानांतरित किया गया है। धर्मवीर सिंह को सांबा से रियासी तैनात किया गया है और जगदीश राज शर्मा को रामबन से जम्मू के सहायक निदेशक के पद पर स्थानांतरित किया गया है।

तरसेम सिंह को रियासी से उधमपुर स्थानांतरित किया गया है। शफकत अहमद जिनके पास गांदरबल के साथ-साथ बारामूला का अतिरिक्त प्रभार था को अब कुपवारा में डीवाईएसएसओ के रूप में तैनात किया गया है।

इस बीच निदेशालय से संबद्ध ज़हूर अहमद वानी और मुश्ताक अहमद पम्पोरी को क्रमशः अनंतनाग और बारामूला के डीवाईएसएसओ के रूप में नियुक्त किया गया है।

आदेश में आगे कहा गया है कि वर्तमान में श्रीनगर के डीवाईएसएसओ के रूप में कार्यरत गुलाम हसन लोन को गांदरबल के डीवाईएसएसओ का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इसके अतिरिक्त, डोडा, कुलगाम, शोपियां, बडगाम, रामबन और राजौरी सहित कई जिलों में अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। स्थानांतरण और नियुक्तियों का आदेश युवा सेवा एवं खेल विभाग के आयुक्त/सचिव डॉ. शाहिद इकबाल चौधरी ने दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता