उपायुक्त ने पहले कठुआ फुटबॉल लीग के लिए ट्रॉफी और किट का किया अनावरण
कठुआ, 11 सितंबर (हि.स.)। डिप्टी कमिश्नर कठुआ राजेश शर्मा ने आज डीसी कार्यालय परिसर के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित एक समारोह में पहले कठुआ फुटबॉल लीग के लिए ट्रॉफी और टीम किट का अनावरण किया, जिसके बाद मीडिया ब्रीफिंग हुई।
लीग का पहला मैच कल खेला जाएगा जो जिला प्रशासन कठुआ द्वारा नशामुक्त अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे बहुप्रतीक्षित फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ होगा। इसका उद्देश्य खेल संस्कृति को बढ़ावा देना युवाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करना और स्थानीय फुटबॉल प्रतिभाओं को एक संरचित मंच प्रदान करना है साथ ही नशाखोरी के खिलाफ युवाओं की भागीदारी को बढ़ाना है।
मीडिया को संबोधित करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने युवाओं में अनुशासन टीम वर्क, नेतृत्व और स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने में खेलों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने और जिला स्तर पर बनाए जा रहे अवसरों का भरपूर लाभ उठाने का आह्वान किया।
मीडिया ब्रीफिंग में लीग के उद्देश्यों और खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने फिटनेस को बढ़ावा देने और युवाओं को खेल में उत्कृष्टता प्राप्त करने के अधिक अवसर प्रदान करने की दिशा में जिला प्रशासन की पहलों पर भी प्रकाश डाला गया।
लीग में कठुआ जिले के विभिन्न हिस्सों से 12 टीमें भाग लेंगी जिससे महत्वाकांक्षी फुटबॉल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, प्रतिस्पर्धी अनुभव प्राप्त करने और अपनी खेल क्षमता को निखारने का अवसर मिलेगा।
कल से शुरू होने वाले उद्घाटन मैच के साथ, कठुआ फुटबॉल लीग से जिले भर के फुटबॉल प्रेमियों और युवाओं में उत्साह पैदा होने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता