कठुआ कोर्ट में चैंबर आवंटन पर विवाद गहराया, चैंबर वितरण प्रक्रिया पर उठे गंभीर सवाल

 


कठुआ, 25 मार्च (हि.स.)। जिला न्यायालय कठुआ परिसर में नवनिर्मित वकील चैंबरों के आवंटन को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। बार काउंसिल के पूर्व चेयरमैन अधिवक्ता अजात शत्रु शर्मा ने प्रेस कांफ्रेंस कर चैंबर वितरण प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “युवा वकीलों के भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अधिवक्ता अजातशत्रु शर्मा ने विभिन्न नियमों, हाईकोर्ट के निर्देशों और आरटीआई के जरिए प्राप्त दस्तावेजों का हवाला देते हुए आवंटन प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। अधिवक्ता ने प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस जज कठुआ द्वारा जारी आदेशों और नोटिसों पर कई गंभीर आपत्तियां दर्ज कराई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चैंबर आवंटन में नियमों की अनदेखी की गई है और प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव है। उन्होंने हाईकोर्ट के निर्देशों, कमेटी के गठन, नोटिस जारी करने की प्रक्रिया, ड्रॉ ऑफ लॉट्स, पात्रता मानदंड और आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी मांगी है। साथ ही यह भी सवाल उठाया गया है कि क्या आवंटन नियमों के अनुसार हुआ या कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए प्रक्रिया में खामियां छोड़ी गईं। हीरानगर कोर्ट कॉम्प्लेक्स में हाल ही में जारी आदेश के तहत कुछ अधिवक्ताओं को चैंबर आवंटित किए गए हैं, लेकिन इस पर भी आपत्ति जताते हुए आवेदन फार्म, अस्वीकृत आवेदनों और पूरी चयन प्रक्रिया को सार्वजनिक करने की मांग की गई है। अधिवक्ता अजातशत्रु शर्मा ने स्पष्ट किया कि यदि आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई तो मामले को उच्च न्यायालय तक ले जाया जाएगा। उन्होंने सभी पात्र अधिवक्ताओं के साथ न्याय सुनिश्चित करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया