नटरंग के संडे थिएटर सीरीज में हास्य नाटक ‘चोर’ ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया
जम्मू, 21 जून (हि.स.)। नटरंग की बहुप्रशंसित संडे थिएटर सीरीज के अंतर्गत रविवार को नटरंग स्टूडियो थिएटर में हिंदी हास्य नाटक ‘चोर’ का सफल मंचन किया गया। राजिंद्र कुमार शर्मा द्वारा लिखित और नीरज कांत के निर्देशन में प्रस्तुत इस नाटक ने अपने रोचक कथानक, चुटीले संवादों और हास्यपूर्ण घटनाक्रम के माध्यम से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। प्रस्तुति के दौरान थिएटर हॉल ठहाकों और तालियों से गूंजता रहा। इस अवसर पर नटरंग के निदेशक बलवंत ठाकुर ने संडे थिएटर सीरीज के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पिछले 22 वर्षों से नटरंग के कलाकार अनेक चुनौतियों के बावजूद जम्मू में प्रत्येक रविवार को नियमित नाट्य प्रस्तुति सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने इस सांस्कृतिक अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार भी व्यक्त किया।
नाटक की कहानी एक रोचक घरेलू घटना के इर्द-गिर्द घूमती है। आधी रात को सो रहे नरेश की नींद एक संदिग्ध आवाज से खुलती है और वह अपने सामने एक युवती को चोर के वेश में पाता है। युवती उसे बंदूक दिखाकर पैसे मांगती है जिससे नरेश घबरा जाता है। हालांकि बाद में वह साहस जुटाकर बंदूक छीन लेता है और पता चलता है कि वह केवल खिलौना है। इसके बाद घटनाएं हास्यपूर्ण मोड़ लेती हैं और युवती नई चाल चलते हुए नरेश को ब्लैकमेल करने लगती है। स्थिति तब और जटिल हो जाती है जब नरेश की पत्नी और साला कमरे में पहुंच जाते हैं। अंततः नाटक के चरम पर यह खुलासा होता है कि कथित ‘महिला चोर’ वास्तव में नरेश की साली है जिसने पहली मुलाकात को यादगार बनाने के लिए पूरा नाटक रचा था। इस अप्रत्याशित मोड़ ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया।
नाटक में मेहक चिब, आदेश धर, सुप्रिया गोरका और निक्ष्या महाजन ने प्रभावशाली अभिनय किया। प्रकाश व्यवस्था नीरज कांत ने संभाली जबकि मंच संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी आकाश वधवान ने सफलतापूर्वक निभाई।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा