केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू में राष्ट्रीय वित्तीय साक्षरता क्विज का कॉलेज राउंड आयोजित

 


जम्मू, 04 फ़रवरी (हि.स.)। केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू (सीयूजे) में प्रतिष्ठित राष्ट्रीय वित्तीय साक्षरता क्विज (एनएफएलक्यू)–2026 के कॉलेज राउंड का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। इस प्रतियोगिता में व्यावसायिक डिग्री कार्यक्रमों के साथ-साथ प्रबंधन, अर्थशास्त्र और इंजीनियरिंग संकायों के छात्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव जैन के संरक्षण में किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज के डीन प्रो. ए.के. नंदा ने किया। उद्घाटन अवसर पर स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज के मानव संसाधन प्रबंधन एवं संगठनात्मक व्यवहार विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. जया भसीन तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. राकेश झा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अर्थशास्त्र विभाग के संकाय सदस्य भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर प्रो. जया भसीन ने एनएफएलक्यू पहल के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह राष्ट्रीय प्रतिभूति बाजार संस्थान (एनआईएसएम) द्वारा आयोजित की जा रही एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य युवाओं में वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देना है। प्रो. राकेश झा ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां छात्रों को व्यापक दृष्टिकोण प्रदान करती हैं। इससे पहले प्रो. ए.के. नंदा ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि यह क्विज छात्रों को बजट, निवेश, बचत और आर्थिक सिद्धांतों जैसे महत्वपूर्ण विषयों की समझ विकसित करने का अवसर प्रदान करती है।

कार्यक्रम का समन्वय प्रो. यशवंत सिंह, कुलसचिव, केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू के मार्गदर्शन में प्रो. जया भसीन और डॉ. शाहिद मुश्ताक द्वारा किया गया। आयोजन टीम में स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज के डॉ. आसिफ अली सहित अर्थशास्त्र, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार तथा कम्युनिटी कॉलेज के संकाय सदस्य शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा