मुख्यमंत्री का शराब की दुकानों पर प्रतिबंध लगाने से इनकार करने पर संभावित यू-टर्न तर्कहीन है-इल्तिजा मुफ्ती

 

श्रीनगर, 11 मई (हि.स.)। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की नेता इल्तिजा मुफ्ती ने सोमवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर में शराब पर प्रतिबंध लगाने से मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इनकार कर दिया क्योंकि हिंदुओं को शराब पीने की अनुमति है, तर्कहीन है।

मुफ्ती ने एक्स पर यह सवाल पूछा कि जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री द्वारा शराब की दुकानों पर प्रतिबंध लगाने से इनकार करने पर संभावित यू-टर्न तर्कहीन है। उनका दावा है कि हिंदुओं के शराब सेवन पर प्रतिबंध लगाना गलत है क्योंकि उनका धर्म इसे वर्जित नहीं करता। अगर ऐसा है तो गुजरात और बिहार जैसे हिंदू बहुल राज्यों ने बिना किसी विरोध के सफलतापूर्वक शराब पर प्रतिबंध कैसे लगा दिया।

वह अब्दुल्ला के रविवार के उस बयान पर टिप्पणी कर रही थीं जिसमें उन्होंने कहा था कि शराब की दुकानें उन धर्मों के लोगों की सेवा के लिए हैं जिनमें शराब का सेवन वर्जित नहीं है।

उन्होंने कहा कि हमें जम्मू-कश्मीर की धर्मनिरपेक्षता पर गर्व है लेकिन मुख्यमंत्री द्वारा बहुसंख्यक लोगों की धार्मिक भावनाओं को इस तरह से नजरअंदाज करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और असंवेदनशील है।

रविवार को गांदरबल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अब्दुल्ला से जम्मू-कश्मीर में शराबबंदी की मांग के बारे में पूछा गया। मुख्यमंत्री ने जवाब दिया कि उनकी सरकार किसी को भी शराब पीने के लिए मजबूर नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि क्या कोई उन्हें शराब पीने के लिए मजबूर कर रहा है। आप अपनी मर्जी से शराब की दुकान पर जा रहे हैं। आप वहां क्यों जा रहे हैं। हम आपको वहां घसीट नहीं रहे हैं। हम इसका प्रचार नहीं कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता