सीईओ ने किया स्कूलों का निरीक्षण, शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने पर दिया जोर
कठुआ, 04 नवंबर (हि.स.)। मुख्य शिक्षा अधिकारी कठुआ केवल कृष्ण ने बुधवार को सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल बुद्धि, मिडिल विंग तथा सरकारी मिडिल स्कूल नन्न का दौरा कर शैक्षणिक गतिविधियों और स्कूलों के कामकाज की समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने स्कूलों में साफ-सफाई और बेहतर रखरखाव की सराहना करते हुए हायर सेकेंडरी स्कूल बुद्धि के प्रिंसिपल और स्टाफ की प्रशंसा की। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से बातचीत कर शिक्षण व्यवस्था, पढ़ाई के स्तर और शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। विद्यार्थियों को अनुशासन बनाए रखने, नियमित अध्ययन और अच्छी पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षकों को समय की पाबंदी, प्रभावी शिक्षण और कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके अलावा मिड-डे मील रसोई का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता, पौष्टिकता और स्वच्छता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने स्कूलों के रिकॉर्ड की भी जांच की और सभी संस्थानों में बेहतर शैक्षणिक माहौल, नियमित निगरानी तथा सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया