टूटा नहीं बैठा था पुल, अब फिर खड़ा हो गया-10 महीने बाद मिली राहत

 


कठुआ, 22 जून (हि.स.)। जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोगेट मोड़ के समीप सहार खड्ड पर बना पुल जो पिछले वर्ष 2025 की बाढ़ में क्षतिग्रस्त हो गया था अब दोबारा बनकर पूरी तरह तैयार हो चुका है। करीब 10 महीनों से इस पुल के एक हिस्से पर आवाजाही बंद थी जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

बाढ़ के दौरान पुल का एक हिस्सा ढह जाने के बाद कठुआ से जम्मू जाने वाले वाहनों को एक ही तरफ से गुजरना पड़ रहा था। इसके चलते अक्सर जाम की स्थिति बनती थी और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था। हालांकि अब पुनर्निर्माण कार्य पूरा हो जाने के बाद इस समस्या से जल्द ही राहत मिलने वाली है। गौरतलब है कि जब यह पुल क्षतिग्रस्त हुआ था उस समय इसको लेकर काफी राजनीतिक बयानबाजी भी हुई थी। कुछ नेताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण पर निर्माण में लापरवाही के आरोप लगाए थे। वहीं एक बयान खासा चर्चा में रहा जिसमें कहा गया था कि “पुल टूटा नहीं है, बल्कि बैठ गया है।” इस बयान को लेकर विपक्ष ने खूब तंज कसे थे। अब वही बैठा हुआ पुल एक बार फिर से खड़ा हो चुका है और जल्द ही यातायात के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि आगामी 1 जुलाई से लखनपुर से शुरू होने वाली श्री अमरनाथ यात्रा 2026 को देखते हुए प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर मरम्मत कार्य तेज कर दिए थे। जिले के विभिन्न हिस्सों में जहां-जहां सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त थे उन्हें दुरुस्त किया जा चुका है। सहार खड्ड पर बने इस पुल के दोबारा चालू होने से न केवल स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी बल्कि अमरनाथ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया