जीएमसी राजौरी के गैर-राजपत्रित कर्मचारियों का सेवा भर्ती नियमों को अधिसूचित करने की मांग को लेकर आंदोलन आठवें दिन भी जारी

 

Jammu, 23 नवंबर (हि.स.)।राजकीय मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) राजौरी के गैर-राजपत्रित कर्मचारियों का सेवा भर्ती नियमों को अधिसूचित करने की मांग को लेकर जारी आंदोलन सोमवार को आठवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के तहत कर्मचारियों ने अब क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी है।

कर्मचारियों का कहना है कि सेवा भर्ती नियमों को अंतिम रूप देकर अधिसूचित करने की मांग लंबे समय से लंबित है जिसके चलते उनकी पदोन्नति, विभागीय पदोन्नति समितियों (डी.पी.सी.) और करियर प्रगति प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि भर्ती नियमों को जल्द अधिसूचित कर कर्मचारियों को उनका हक दिया जाए।

आंदोलनरत कर्मचारियों ने कहा कि लगातार आश्वासनों के बावजूद मांग का समाधान नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन तेज करने का फैसला लेना पड़ा है। क्रमिक भूख हड़ताल के माध्यम से वे अपनी मांगों को प्रशासन तक पहुंचाने और लंबित मुद्दे का जल्द समाधान करवाने का प्रयास कर रहे हैं।

कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता