ठाठरी कस्बे के निवासियों ने जल शक्ति विभाग के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन

 


डोडा, 14 जुलाई (हि.स.)। डोडा जिले के ठाठरी कस्बे के निवासियों ने मंगलवार को जल शक्ति विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि 7 जुलाई को भीषण बादल फटने और अचानक आई बाढ़ के बाद से कई इलाकों में पीने के पानी की आपूर्ति बाधित है।

आर्मी आरपी गेट के पास निवासियों का एक समूह इकट्ठा हुआ और उन्होंने जल शक्ति विभाग के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने विभाग पर पिछले सात दिनों से बार-बार अनुरोध करने के बावजूद उनके इलाके में पानी की आपूर्ति बहाल न करने का आरोप लगाया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उन्होंने इस मामले को बार-बार विभाग के संज्ञान में लाया लेकिन कुछ अधिकारियों ने उन्हें बताया कि आपूर्ति बहाल करने से पहले लंबित पानी के बिलों का भुगतान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि 7 जुलाई को बादल फटने और अचानक आई बाढ़ से ठाठरी कस्बे में व्यापक क्षति हुई जिससे लगभग 50 आवासीय मकान, इतनी ही दुकानें प्रभावित हुईं और कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

आपदा के बाद प्रशासन ने प्रभावित निवासियों को आश्वासन दिया था कि बिजली और पेयजल सहित आवश्यक सेवाएं प्राथमिकता के आधार पर बहाल की जाएंगी। हालांकि निवासियों का आरोप है कि बिजली तो काफी हद तक बहाल हो गई है लेकिन कई इलाकों में अभी भी पीने का पानी नहीं है जिससे भीषण गर्मी में भारी परेशानी हो रही है।

प्रदर्शनकारियों ने डोडा जिला प्रशासन से हस्तक्षेप करने और जल शक्ति विभाग को लंबित बिलों के भुगतान से जोड़े बिना तत्काल जल आपूर्ति बहाल करने का निर्देश देने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता