जम्मू में टेंपो ट्रैवल संचालकों ने नई पार्किंग व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई

 

जम्मू, 03 मार्च (हि.स.)।

जम्मू केंद्र शासित प्रदेश के जिला जम्मू में टेंपो ट्रैवल संचालकों ने नई पार्किंग व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है। डिप्टी कमिश्नर जम्मू द्वारा टेंपो ट्रेवल्स को जम्मू बस स्टैंड स्थित जेडीए परिसर में पार्किंग आवंटित किए जाने के बाद से संगठन के सदस्यों में असंतोष देखा जा रहा है। टेंपो ट्रैवल एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद से उनकी गाड़ियों को पर्याप्त सवारियां नहीं मिल पा रही हैं।

उनका आरोप है कि सवारियां जेडीए पार्किंग बस स्टैंड तक पहुंच ही नहीं रही हैं जिसके कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। संगठन का कहना है कि कई बार गाड़ियां सुबह सवारी लेकर निकलती हैं लेकिन वापसी में उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में टेंपो ट्रैवल एसोसिएशन के ऑनर्स ने प्रेस वार्ता आयोजित कर अपनी समस्याएं साझा कीं और प्रशासन से मांग की कि पार्किंग व्यवस्था पर पुनर्विचार किया जाए ताकि उनके रोजगार पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को दूर किया जा सके। संगठन ने प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता