पुंछ में शेर देखे जाने की अफवाह पर तहसीलदार ने किया नोटिस जारी
जम्मू, 12 मई(हि.स.)। पुंछ जिले में तहसीलदार हवेली ने उन लोगों को नोटिस जारी किया है जिन्होंने सोशल मीडिया पर और साक्षात्कारों के माध्यम से रिपोर्ट प्रसारित और पुष्टि की थी कि बनवत गांव में एक शेर को घूमते देखा गया था। प्रशासन ने कहा कि स्थानीय स्तर पर किए गए प्रारंभिक सत्यापन में जानकारी झूठी और भ्रामक पाई गई,ओ साथ ही कहा कि पूरे पीर पंजाल क्षेत्र में ऐसा कोई भी जंगली जानवर प्राकृतिक रूप से कभी नहीं पाया गया है या रिपोर्ट नहीं किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि अफवाहों ने जनता के बीच दहशत पैदा कर दी है और चेतावनी दी है कि झूठी और असत्यापित जानकारी फैलाने पर संबंधित कानूनों के तहत कानूनी कार्रवाई हो सकती है। सार्वजनिक रूप से दावे करने वाले व्यक्तियों को 24 घंटे के भीतर अपने बयानों के समर्थन में सबूत या सामग्री जमा करने के लिए कहा गया है ऐसा न करने पर यह माना जाएगा कि अफवाहें जानबूझकर जनता को गुमराह करने और अनावश्यक भय पैदा करने के लिए फैलाई गई थीं।
प्रशासन ने लोगों को सोशल मीडिया पर असत्यापित सामग्री प्रसारित न करने और शांति और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने की भी सलाह दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता