क्रिएटर एक्सीलेंस अवार्ड्स में प्रतिभाओं का सम्मान, नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर' का दिया संदेश
जम्मू, 26 जून (हि.स.)। संवेदना सोसाइटी के चेयरमैन केशव चोपड़ा की पहल पर शुक्रवार को आईआईपीए (इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन) जम्मू-कश्मीर रीजनल ब्रांच में क्रिएटर एक्सीलेंस अवार्ड्स-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जम्मू के यूट्यूबर्स, ब्लॉगर्स, कंटेंट क्रिएटर्स, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया। प्रतिभाओं के सम्मान के साथ-साथ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 'नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर' अभियान को मजबूत करना और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त जम्मू अनुसूया जामवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
समाज सुधारक गगन शर्मा और विश्व हिंदू परिषद के उपाध्यक्ष शक्ति दत्त शर्मा विशिष्ट अतिथि रहे जबकि वक्फ बोर्ड के सदस्य सोहेल काजमी तथा पद्मश्री रोशालो राम विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब नशे की लत से उबर चुके एक युवक ने अपने संघर्ष और पुनर्वास की प्रेरणादायक कहानी साझा की। उसकी आपबीती ने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहकर सकारात्मक जीवन अपनाने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि अनुसूया जामवाल ने अपने संबोधन में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जिला प्रशासन और जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कार्रवाई से जुड़े आधिकारिक आंकड़े और एक जागरूकता वीडियो भी प्रस्तुत किया तथा लोगों से नशे के खिलाफ प्रशासन और पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने इस सामाजिक पहल के लिए केशव चोपड़ा की सराहना भी की।
संवेदना सोसाइटी के चेयरमैन केशव चोपड़ा ने से नो टू ड्रग्स यस टू टैलेंट का संदेश देते हुए युवा कंटेंट क्रिएटर्स से अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से नशा विरोधी जागरूकता अभियान को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संवेदना सोसाइटी भविष्य में भी युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी। समाज सुधारक गगन शर्मा ने परिवारों में संवाद, संस्कार और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।
वहीं शक्ति दत्त शर्मा ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने और जम्मू-कश्मीर को नशामुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा स्वस्थ, सुरक्षित और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लेने के साथ हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा