कठुआ में संदिग्ध बैंक लेनदेन का मामला-दंपति हिरासत में, 20 लाख रुपये की ट्रांजैक्शन की जांच जारी
कठुआ, 27 मई (हि.स.)। जिला कठुआ में संदिग्ध बैंक लेनदेन के एक मामले में पुलिस ने एक दंपति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार निहालपुर क्षेत्र से राहुल खान और उनकी पत्नी सपना को पुलिस ने हिरासत में लिया है। दोनों के बैंक खातों में लगभग 20 लाख रुपये के लेनदेन की जांच की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक यह दंपति मूल रूप से जम्मू के सुजवां क्षेत्र का रहने वाला है लेकिन पिछले कई वर्षों से कठुआ के विभिन्न इलाकों में किराये के मकानों में रह रहा था। राहुल खान पेशे से ड्राइवर बताया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कठुआ मोहिता शर्मा के निर्देश पर एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है। जांच के दौरान यह सामने आया है कि राहुल खान के नाम पर करीब 15 बैंक खाते संचालित हो रहे थे जिनमें संदिग्ध लेनदेन पाए गए हैं। पुलिस जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि खातों में आया पैसा विदेश से भेजा गया हो सकता है। साथ ही इस धन को हवाला नेटवर्क और नशे से जुड़े अवैध कारोबार से भी जोड़े जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इन पहलुओं की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दंपति के घर की तलाशी के दौरान विभिन्न बैंकों की पासबुक और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
फिलहाल कठुआ पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह भी खंगाला जा रहा है कि कहीं यह मामला किसी बड़े नेटवर्क जैसे कि नार्को तस्करी से जुड़ा तो नहीं है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया