पुंछ रेलवे लाइन के लिए सर्वे को मंजूरी : सीमा क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को मिलेगी नई दिशा
जम्मू, 16 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर सीमा क्षेत्र विकास सम्मेलन (बीएडीसी) ने रेलवे मंत्रालय द्वारा प्रस्तावित पुंछ रेलवे लाइन के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे (एफएलएस) को मंजूरी दिए जाने का स्वागत किया है। यह सर्वे उत्तरी रेलवे के तहत लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। संगठन ने इस फैसले को सीमा क्षेत्रों के लिए एक महत्वपूर्ण और लंबे समय से प्रतीक्षित कदम बताया है, जिससे इन इलाकों की कनेक्टिविटी में सुधार होगा।
बीएडीसी के चेयरमैन एवं पूर्व कुलपति डॉ. शाजाद अहमद मलिक ने कहा कि यह मंजूरी सीमा क्षेत्रों की जरूरतों पर नए सिरे से ध्यान देने का संकेत है। उन्होंने कहा कि सर्वे के अंतिम प्रारूप में सीमा क्षेत्रों के लोगों की आकांक्षाओं और सुझावों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए तथा प्रस्तावित रेलवे लाइन में राजौरी और पुंछ दोनों जिलों को शामिल किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि बीएडीसी लंबे समय से सीमा क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए बेहतर कनेक्टिविटी की मांग उठाता रहा है और यह कदम उसी दिशा में एक अहम पहल है। डॉ. मलिक ने कहा कि यह रेलवे लाइन न केवल सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होगी, बल्कि देश की सामरिक सुरक्षा के लिहाज से भी अत्यंत अहम साबित होगी। उन्होंने इस मांग को विभिन्न मंचों पर लगातार उठाते रहने के लिए जम्मू-कश्मीर के सभी जनप्रतिनिधियों, सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों और पंचायत प्रतिनिधियों का आभार भी व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा