कैबिनेट में जगह न मिलने पर श्रीनगर में मुबारक गुल के समर्थकों का विरोध-प्रदर्शन

 

श्रीनगर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता मुबारक गुल के समर्थकों ने बुधवार को श्रीनगर की प्रेस कॉलोनी में विरोध-प्रदर्शन किया। वे ईदगाह के विधायक को कैबिनेट में शामिल न किए जाने से नाराज थे और उनके लिए कैबिनेट में जगह की मांग कर रहे थे। सफेद कफन पहने प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां ले रखी थीं जिनमें मांग की गई थी कि या तो गुल को कैबिनेट में जगह दी जाए या फिर वे पार्टी से इस्तीफा दे दें।

प्रदर्शनकारियों ने पार्टी के फैसले पर नाराजगी जताते हुए नारे लगाए ईदगाह के साथ इंसाफ करो, मुबारक गुल को कैबिनेट मंत्री बनाओ। प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि गुल साहब, इस्तीफा दे दीजिए। प्रदर्शनकारियों में से एक ने बताया कि गुल ने सात चुनाव लड़े हैं और हर बार जीत हासिल की है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने उनसे किया अपना वादा नहीं निभाया। प्रदर्शनकारी ने कहा कि फारूक साहब ने हमसे वादा किया था। कल तक उनका नाम लिस्ट में था लेकिन उन्हें मंत्री नहीं बनाया गया।

गौरतलब है कि ईदगाह से छह बार विधायक रहे मुबारक गुल को मंगलवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के मंत्रिमंडल विस्तार में जगह नहीं मिली। बाद में गुल को नेशनल कॉन्फ्रेंस का महासचिव नियुक्त किया गया लेकिन इस नियुक्ति से उनके सभी समर्थक संतुष्ट नहीं हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता