कश्मीर के स्कूलों में 1 जुलाई से ग्रीष्मकालीन अवकाश एक अफवाह, ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू होने के संबंध में अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया

 

श्रीनगर, 30 जून (हि.स.)। सोशल मीडिया पर फैल रही उन अफवाहों के बीच जिनमें दावा किया जा रहा था कि जम्मू-कश्मीर सरकार ने कश्मीर के स्कूलों में 1 जुलाई से ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है और इन खबरों को पूरी तरह से झूठा बताया।

वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों ने पुष्टि की कि विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 1 जुलाई से ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा को लेकर फैल रही अफवाहें निराधार हैं और इन्हें नजरअंदाज किया जाना चाहिए। स्कूल शिक्षा और उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त सचिव राम निवास शर्मा ने भी पुष्टि की कि ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू होने के संबंध में अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

इस बीच शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि चूंकि मौसम विभाग ने 1 जुलाई से बारिश का पूर्वानुमान लगाया है इसलिए ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करने की तत्काल आवश्यकता नहीं है हालांकि हमने कश्मीर के स्कूलों के लिए जुलाई के दूसरे सप्ताह से अवकाश की अस्थायी तिथि निर्धारित की है जिसकी अंतिम तिथि अभी तय की जानी है। उन्होंने कहा कि छात्रों के लिए स्कूल का हर एक दिन महत्वपूर्ण है और हमें इसे ध्यान में रखना चाहिए।

आगे बारिश के मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए इस समय छुट्टियों की घोषणा करना आवश्यक नहीं है।

अधिकारियों ने आगे बताया कि विभाग जुलाई के दूसरे सप्ताह से गर्मियों की छुट्टियां शुरू करने की अस्थायी योजना बना रहा है, हालांकि मौसम की स्थिति की समीक्षा के बाद अंतिम तिथियां तय की जाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता