जश्न-ए-बहार कला कार्यशाला में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता, कलाकारों ने दिए टिप्स

 


जम्मू, 06 अप्रैल (हि.स.)। जश्न-ए-बहार के तहत आयोजित राष्ट्रीय कला कार्यशाला के तीसरे दिन मास्टर संसार चंद बारू मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट ने पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड के सहयोग से कश्मीर हार्वर्ड शैक्षणिक संस्थान में एक विशेष डेमोंस्ट्रेशन और इंटरएक्टिव सत्र का आयोजन किया। इस सत्र में प्रसिद्ध कलाकार सूरज कुमार, सचिन नाइक झा, जाविद इकबाल, ज़रगर ज़हूर, शर्मिला शर्मा, सैयद मुर्तज़ा, विजयलक्ष्मी दीपक मेर, संदीप अहेर और साहिल अहमद माकन सहित कई कलाकारों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए कलाकारों के मार्गदर्शन में अपनी पेंटिंग्स तैयार कीं। स्कूल परिसर एक रचनात्मक मंच में बदल गया, जहां बच्चों ने रंगों, विषयों और तकनीकों के साथ प्रयोग करते हुए अपनी कल्पनाशीलता को अभिव्यक्त किया। कलाकारों ने विभिन्न पेंटिंग शैलियों का प्रदर्शन करने के साथ-साथ छात्रों के साथ सीधा संवाद किया और उन्हें व्यावहारिक मार्गदर्शन, सुझाव और प्रोत्साहन दिया। इस दौरान छात्रों ने अपनी प्रतिभा और सीखने की उत्सुकता का शानदार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर ट्रस्ट की अध्यक्ष अनुराधा ऋषि ने कहा कि ऐसे आयोजन युवा प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें अपनी कला को विकसित करने का मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह कला कार्यशाला 10 अप्रैल तक जारी रहेगी जिसमें विभिन्न कला सत्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से रचनात्मकता और कला कौशल को बढ़ावा दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा