महिला डिग्री काॅलेज में शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
कठुआ, 05 सितंबर (हि.स.)। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज फॉर वूमेन कठुआ में शिक्षक दिवस उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन शिक्षा विभाग ने वरिष्ठ प्रोफेसर प्रो. सीमा जॉली के मार्गदर्शन में किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। शिक्षा विभाग की एचओडी डॉ. रचना ने सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन, योगदान और शैक्षिक विचारों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने कविताओं, भाषणों और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया। प्रो. सीमा जॉली ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए शिक्षा विभाग के प्रयासों की सराहना की।
डॉ. अश्विनी खजूरिया, डॉ. अमिता दुआ और डॉ. गोपाल शर्मा ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके चरित्र, संस्कार और भविष्य निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में करीब 100 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ भी मौजूद रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया