राष्ट्रीय राजमार्ग पर बार-बार होने वाले ठहराव के कारण छात्र, मरीज और अन्य यात्री हो रहे परेशान-विधायक लार्मी
श्रीनगर, 22 सितंबर (हि.स.)। नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक अब्दुल मजीद लार्मी ने मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा कर रहे लोगों को हो रही असुविधा पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बार-बार होने वाले ठहराव के कारण छात्र, मरीज और अन्य यात्री परेशान हो रहे हैं। लार्मी जम्मू और कश्मीर विधानसभा में पीडीपी विधायक वहीद उर रहमान पारा द्वारा राजमार्ग पर यात्रियों को हो रही दिक्कतों पर की गई टिप्पणी का जवाब दे रहे थे।
लार्मी ने कहा कि वहीद पारा ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर कश्मीर के लोगों को हो रही असुविधाओं पर कुछ नहीं कहा। उन्होंने इस पर खुलकर कुछ नहीं कहा लेकिन मैं इस सदन को खुलकर बताता हूं कि छात्रों और मरीजों को बहुत परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि काजीगुंड और श्रीनगर के बीच यात्रा करने वाले लोगों को अक्सर देरी का सामना करना पड़ता है जिससे उनकी दिनचर्या प्रभावित होती है और कुछ मामलों में वे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो पाते। उन्होंने कहा कि काज़ीगुंड से श्रीनगर जाने वाले यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। छात्र परीक्षा नहीं दे पाते, यात्री कई बार अपनी उड़ानें चूक जाते हैं।
इससे पहले पारा ने कहा था कि दक्षिण कश्मीर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा करने से आम लोगों को भेदभाव का अनुभव हो रहा है और उन्होंने सरकार से इस मामले को एकीकृत मुख्यालय के समक्ष उठाने का आग्रह किया था। लोगों को प्रतिदिन 10 से 15 मिनट के लिए रोका जाता है। पारा ने कहा और यह भी जोड़ा कि एक घटना कश्मीर के आम लोगों के साथ भेदभाव का भाव पैदा करने और उन्हें अपमानित करने का कारण नहीं बननी चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता