टाइनी स्कॉलर्स के विद्यार्थियों ने साहोदया इंटर स्कूल सिंगिंग प्रतियोगिता जीता प्रथम स्थान
कठुआ, 13 अगस्त (हि.स.)। टाइनी स्कॉलर्स स्कूल के कक्षा पांचवीं के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने साहोदया इंटर स्कूल सिंगिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यार्थियों ने अपनी मधुर आवाज, शानदार तालमेल, आत्मविश्वास और प्रभावी प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित किया।
इस उपलब्धि के पीछे विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय के संगीत शिक्षक अरुण जी ने विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया और उन्हें बारीकियों का प्रशिक्षण प्रदान किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य पूजा गुप्ता ने विद्यार्थियों की तैयारियों में लगातार मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया। उन्होंने रिहर्सल के दौरान स्वयं उपस्थित रहकर विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया और बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनका मानना है कि प्रत्येक प्रयास में पूर्ण समर्पण, निरंतर अभ्यास और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता आवश्यक है। विद्यालय प्रबंधन ने भी विद्यार्थियों की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। विशेष रूप से डायरेक्टर मनीषा गुप्ता के निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन के लिए विद्यालय परिवार ने आभार जताया। प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को पहचानने, निखारने और मंच पर प्रस्तुत करने के अवसर उपलब्ध करवाना विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से पूरे विद्यालय में खुशी का माहौल है। विद्यालय परिवार ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया