स्वतंत्रता संग्राम की झलकियों पर छात्रों ने उकेरी देशभक्ति, जीडीसी बसोहली में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित
बसोहली, 05 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस 2026 के उपलक्ष्य में राजकीय डिग्री कॉलेज बसोहली में स्वतंत्रता संग्राम की महत्वपूर्ण घटनाएं विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य प्रो. राज किरण शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों में देशभक्ति, ऐतिहासिक जागरूकता और रचनात्मकता को बढ़ावा देना रहा। विभिन्न सेमेस्टर के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी घटनाओं और महान हस्तियों को अपनी कला के माध्यम से जीवंत रूप दिया।
कुल 15 प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल में डॉ. शुभ कुमार, डॉ. वरिंदर सिंह और रोशन लाल शर्मा शामिल रहे जिन्होंने प्रतिभागियों का मूल्यांकन रचनात्मकता, मौलिकता, विषय से जुड़ाव और प्रस्तुति के आधार पर किया। प्रतियोगिता में सेमेस्टर-5 की सुमन कुमारी ने प्रथम, सेमेस्टर-3 की दिव्या ठाकुर ने द्वितीय तथा पूनम पठानिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन कॉलेज की सांस्कृतिक समिति की संयोजक डॉ. रविंदर कौर और एनएसएस समन्वयक डॉ. रोशन लाल के नेतृत्व में किया गया। सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुईं।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. राज किरण शर्मा ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां युवाओं में राष्ट्रप्रेम और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया