शोपियां में छात्रों और अभिभावकों ने विरोध प्रदर्शन किया, जामिया सिराज-उल-उलूम को फिर से खोलने की मांग की

 

शोपियां, 07 मई (हि.स.)। बुधवार को दक्षिण कश्मीर के शोपियां ज़िले में सैकड़ों छात्रों और अभिभावकों ने जामिया सिराज-उल-उलूम को फिर से खोलने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया।

हाथों में हमारा भविष्य बचाओ लिखी तख्तियां लिए इस संस्थान में पढ़ने वाले अलग-अलग ज़िलों के छात्रों ने डिप्टी कमिश्नर के दफ़्तर के बाहर धरने पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया।

विरोध प्रदर्शन में हिस्सा ले रहे 11वीं कक्षा के एक छात्र ने कहा कि हम अपने स्कूल को फिर से खोलने की मांग कर रहे हैं। हम शांति में विश्वास रखते हैं और चाहते हैं कि हमारी पढ़ाई जारी रहे।

शोपियां के सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस द्वारा तैयार की गई एक रिपोर्ट के आधार पर 24 अप्रैल को इस संस्थान को गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम ( यूपीए) के तहत एक गैर-कानूनी संस्था घोषित कर दिया गया था। इसके बाद ज़िला प्रशासन ने संस्थान परिसर में अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगा दी थी।

विरोध प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों में से एक ज़ाहिद अहमद ने कहा कि सैकड़ों छात्रों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है।

अहमद ने कहा कि हम प्रशासन से अनुरोध करते हैं कि वे इन छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता