क्लस्टर यूनिवर्सिटी में छात्र सांस्कृतिक परिषद के चुनाव संपन्न

 




जम्मू, 03 नवंबर (हि.स.)। क्लस्टर यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू के छात्र कल्याण विभाग की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्र सांस्कृतिक परिषद के चुनाव सफलतापूर्वक करवाए गए।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सूर्यपुत्री तवी भवन स्थित सम्मेलन कक्ष में नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. केएस चंद्रशेखर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में रघुवंश (एमएएम कॉलेज) को परिषद का सचिव चुना गया जबकि रिधम (एसपीएमआर कॉलेज ऑफ कॉमर्स) और माधव सौंत्रा (एमएएम कॉलेज) संयुक्त सचिव निर्वाचित हुए। महिला विंग से शालिजा (पीएसपीएस जीसीडब्ल्यू गांधी नगर) को संयुक्त सचिव मनोनीत किया गया। अन्य उम्मीदवारों को भी परिषद का सदस्य बनाया गया।

कुलपति प्रो. चंद्रशेखर ने कहा कि सांस्कृतिक परिषद विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के साथ उनमें नेतृत्व, रचनात्मकता, समावेशिता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। छात्र कल्याण विभाग के डीन प्रो. विशाल शर्मा ने बताया कि परिषद विश्वविद्यालय के वार्षिक कैलेंडर में सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गतिविधियों को शामिल करने के लिए योजनाएं तैयार करेगी।

समारोह में रजिस्ट्रार अंकुर महाजन, वित्तीय सलाहकार नागेश्वर जम्वाल सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी और संकाय सदस्य मौजूद रहे

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा