कठुआ में तंबाकू नियंत्रण पर सख्ती, सीओटीपीए लागू करने के दिए निर्देश

 


कठुआ, 28 मार्च (हि.स.)। जिला उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा की अध्यक्षता में डीसी कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला एवं जिला स्तरीय समन्वय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक की शुरुआत में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय रैना ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए सीओटीपीए-2003 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया। तकनीकी सत्र के दौरान एनटीसीपी की डिविजनल कोऑर्डिनेटर श्वेता रैना ने तंबाकू नियंत्रण से जुड़े विभिन्न पहलुओंकृकानून के प्रवर्तन, जागरूकता अभियान, तंबाकू त्याग सेवाएं और मॉनिटरिंग व्यवस्थाकृपर विस्तृत प्रस्तुति दी।

अपने संबोधन में डीसी राजेश शर्मा ने तंबाकू नियंत्रण कानूनों के सख्त पालन पर जोर देते हुए नियमित निरीक्षण, व्यापक जागरूकता अभियान और जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों और शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने पर विशेष बल दिया। इसके अलावा, ग्रामीण स्तर पर तंबाकू मुक्त वातावरण को बढ़ावा देने के लिए “तंबाकू मुक्त गांव” के साइन बोर्ड भी संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए। बैठक में एडीसी विशालजीत सिंह, एएसपी राहुल चारक, आरटीओ सुरिंदर शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और हितधारक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया