घुसपैठ ड्रोन और नशा तस्करी पर कड़ी नजर-एसएसपी मोहिता शर्मा ने मजबूत की सुरक्षा रणनीति

 


कठुआ, 01 सितंबर (हि.स.)। जिले की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की समीक्षा को लेकर एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा आईपीएस ने डीपीएल कठुआ के कॉन्फ्रेंस हॉल में आंतरिक सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में एसपी ऑप्स बॉर्डर, अतिरिक्त एसपी कठुआ, एसपी ऑप्स अपर कठुआ सहित सभी एसडीपीओ और थाना प्रभारी शामिल हुए।

बैठक में सीमा पर घुसपैठ के संभावित मार्गों, ड्रोन गतिविधियों, अंतरराज्यीय सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था तथा पड़ोसी राज्यों की सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय पर चर्चा की गई। अधिकारियों को नशा तस्करों, मवेशी तस्करों, ओजीडब्ल्यू, गैंगस्टरों, हिस्ट्रीशीटरों और अन्य संदिग्ध तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने सीमा व अपर कठुआ में कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन और लॉन्ग रेंज पेट्रोलिंग बढ़ाने, अंतरराज्यीय सीमाओं पर संयुक्त नाके लगाने और वाहनों की गहन जांच के निर्देश दिए। साथ ही गांव रक्षा गार्ड को मजबूत कर सुरक्षा ग्रिड और गश्त में प्रभावी ढंग से इस्तेमाल करने पर जोर दिया।

बैठक में लंबित मामलों की जांच निर्धारित 60/90 दिन की समयसीमा में पूरी करने तथा पुलिस रिकॉर्ड अपडेट रखने के निर्देश भी दिए गए। एसएसपी ने अधिकारियों से पेशेवर और जनहितैषी पुलिसिंग के साथ जिले में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने पर जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया