कठुआ में पीसी-पीएनडीटी एक्ट की सख्ती, लिंगानुपात नौ साल में सर्वश्रेष्ठ

 


कठुआ, 27 अगस्त (हि.स.)। उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने गुरुवार को जिला उपयुक्त प्राधिकारी समिति (डीएसी) की बैठक में पीसी-पीएनडीटी एक्ट के अनुपालन की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि कठुआ जिले का लिंगानुपात 958 पहुंच गया है जो पिछले नौ वर्षों में सर्वश्रेष्ठ है। जिले में 6 सरकारी और 14 निजी समेत कुल 20 अल्ट्रासाउंड केंद्र संचालित हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय रैना ने बताया कि अल्ट्रासाउंड केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। उपायुक्त ने अवैध लिंग निर्धारण और एक्ट के उल्लंघन पर निगरानी बढ़ाने तथा जरूरत पड़ने पर डिकॉय ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए। इसके बाद उपायुक्त ने राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा की। बैठक में 40 ग्राम पंचायतों को तंबाकू मुक्त पंचायत बनाने की प्रगति पर चर्चा हुई। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू सेवन के खिलाफ नियमित अभियान चलाने और उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। शैक्षणिक संस्थानों में टीओएफइआई ऐप के प्रभावी उपयोग और नियमित निगरानी पर भी जोर दिया गया। बैठक में एएसपी सुनील केसार, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. नीरज नागपाल, बीएमओ सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया