हीरानगर में संदिग्ध कबूतर मिलने से मचा हड़कंप, पैरों में बंधी सामग्री ने बढ़ाई सुरक्षा एजेंसियों की चिंता

 


हीरानगर, 01 सितंबर (हि.स.)। सीमावर्ती क्षेत्र हीरानगर के शान खत्रियां गांव में एक संदिग्ध कबूतर मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई। स्थानीय स्तर पर कबूतर के पैरों में कुछ संदिग्ध सामग्री बंधी हुई पाए जाने के बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शान खत्रियां गांव में लोगों की नजर एक कबूतर पर पड़ी जिसके पैरों में संदिग्ध सामग्री बंधी हुई थी। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही हीरानगर पुलिस मौके पर पहुंची और कबूतर को बरामद कर लिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस के साथ-साथ संबंधित सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। कबूतर के पैरों में मिली सामग्री की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इसे कब और किस उद्देश्य से कबूतर के साथ बांधा गया था। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से ले रही हैं।

कबूतर के संभावित मार्ग, बरामद सामग्री और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। हालांकि फिलहाल बरामद सामग्री के संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की हर पहलू से जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कबूतर के पैरों में बंधी सामग्री का वास्तविक उद्देश्य क्या था और इसका सीमा क्षेत्र से कोई संबंध है या नहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया