एसएसपी मोहिता ने सुरक्षा व अपराध समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, घुसपैठ और नशा तस्करी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

 


कठुआ, 20 फरवरी (हि.स.)। एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा आईपीएस ने जिला पुलिस लाइन कठुआ के कॉन्फ्रेंस हॉल में व्यापक सुरक्षा समीक्षा एवं अपराध समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में एसपी ऑप्रेशन कठुआ मुकुंद टिबरेवाल, एसपी ऑप्स अपर कठुआ औमिर इकबाल सहित जिले के सभी एसडीपीओ, एसएचओ और पुलिस पोस्ट प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की रोकथाम, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, पर्यटन स्थलों, राष्ट्रीय राजमार्ग, पुलिस थानों और नाकों की सुरक्षा की समीक्षा की गई। एसएसपी ने ड्रोन उड़ाने पर निगरानी, बाहरी राज्यों और सीमा क्षेत्र से आने वाले वाहनों की सघन जांच तथा आत्मसमर्पण कर चुके और रिहा हुए आतंकियों व उनके सहयोगियों की निगरानी करने के निर्देश दिए।

अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी ने यूएपीए और एनडीपीएस मामलों की गुणवत्तापूर्ण जांच पर विशेष जोर देते हुए आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही नशा तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए आगे और पीछे के लिंक की जांच कर कठोर कार्रवाई करने को कहा। गो-तस्करी के मामलों में वाहन चालक के साथ-साथ मालिक को भी आरोपी बनाने और ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुराने और नए आपराधिक कानूनों के तहत दर्ज मामलों के समयबद्ध निपटारे पर भी जोर दिया गया। एसएसपी ने अधिकारियों को जिले में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, जवाबदेही और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया