राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस लाइन कठुआ में भव्य परेड, एसएसपी ने दिलाई एकता और अखंडता की शपथ
कठुआ, 31 अक्टूबर (हि.स.)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जिला पुलिस कठुआ की ओर से जिला पुलिस लाइन कठुआ में भव्य परेड एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने तथा उसे और मजबूत करने का संकल्प लिया।
समारोह के तहत आयोजित परेड का नेतृत्व डीएसपी पुष्पा राजपूत ने परेड कमांडर के रूप में किया जबकि पीएसआई शिवम ने सेकेंड परेड कमांडर की जिम्मेदारी निभाई। परेड में जिला पुलिस कठुआ, पुलिस ट्रेनिंग स्कूल कठुआ तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों की टुकड़ियों ने भाग लेकर अनुशासन और एकजुटता का परिचय दिया। इसके उपरांत आयोजित एकता एवं अखंडता शपथ ग्रहण समारोह में एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा आईपीएस ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा, एसपी ऑपरेशन ब्रिजेश शर्मा, अतिरिक्त एसपी सुनील केसर, डीएसपी डीएआर भगवान दास, डीएसपी मुख्यालय रविंद्र सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर एसएसपी मोहिता शर्मा ने भारत के प्रथम गृह मंत्री एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को दोहराने का अवसर प्रदान करता है। सरदार पटेल का जीवन और उनका योगदान राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाए रखने के लिए सदैव प्रेरणा देता रहेगा।
समारोह में राष्ट्र की एकता और संप्रभुता को प्रभावित करने वाले वास्तविक एवं संभावित खतरों का दृढ़ता से मुकाबला करने तथा आपसी भाईचारे, समर्पण और राष्ट्रीय एकजुटता की भावना को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया