जीडीसी कठुआ में खेल की बात पीएम मोदी के साथ कार्यक्रम आयोजित

 


कठुआ, 27 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ की एनएसएस इकाइयों ने माई भारत कठुआ के सहयोग से युवा कनेक्ट/खेल की बात पीएम मोदी के साथ कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय फेंसिंग खिलाड़ी एवं सीनियर नेशनल टीम साबरे चैंपियन मयंक शर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए खेल जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने अनुशासन, नियमित अभ्यास, मेहनत और निरंतर प्रयास को सफलता की कुंजी बताया। इसके बाद विद्यार्थियों ने मयंक शर्मा से फेंसिंग, प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और खिलाड़ियों के सामने आने वाली चुनौतियों से जुड़े सवाल पूछे।

इस अवसर पर प्रतिभागियों ने खेल भावना, फिटनेस, अनुशासन, जिम्मेदार नागरिकता और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता की शपथ भी ली। युवा संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने विचार और सुझाव भी साझा किए। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) मनोहर लाल ने युवाओं को खेल, फिटनेस, कौशल विकास और समाज सेवा में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया