अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर खेल प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन, महिलाओं को खेलों के लिए किया जाएगा प्रेरित
जम्मू, 05 मार्च (हि.स.)। उधमपुर जिले में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर महिलाओं और युवतियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए विशेष खेल कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में माय भारत उधमपुर के डिप्टी डायरेक्टर के कार्यालय कक्ष में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की गई। इस अवसर पर डिप्टी डायरेक्टर उधमपुर खुशाल गुप्ता ने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि 8 मार्च को सुबह 10 बजे सुभाष स्टेडियम उधमपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में युवतियां और महिलाएं भाग लेंगी।
उन्होंने बताया कि यह आयोजन भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय की ‘अस्मिता’ पहल के तहत किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को खेलों में अधिक भागीदारी के लिए प्रेरित करना और युवाओं में स्वस्थ व सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं के लिए एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं और अन्य खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने, खेलों के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवा महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।
खुशाल गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सभी प्रतिभागियों को माय भारत पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण करना होगा। इच्छुक प्रतिभागियों को पोर्टल पर ‘इंटरनेशनल वुमन डे’ कार्यक्रम के तहत आवेदन करना होगा। उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों, युवा क्लबों, खेल संगठनों और आम जनता से अपील की कि वे अधिक से अधिक योग्य लड़कियों और महिलाओं को पंजीकरण कर कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रेरित करें, ताकि यह आयोजन सफल और प्रेरणादायक बन सके। कार्यक्रम में जिले के कई महिला खिलाड़ी, स्वयंसेवक और खेल से जुड़े अधिकारी भी शामिल होने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा