मीराँ साहिब में तस्करी विरोधी अभियान के दौरान पुलिस टीम पर हमले के बाद एसपीओ घायल
जम्मू, 10 अप्रैल(हि.स.)। मीरा साहिब इलाके में गोवंश तस्करी के खिलाफ एक अभियान के दौरान पुलिस टीम पर हमला होने से एक विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) घायल हो गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मीरां साहिब में डाक बंगला मरालियां के पास कुछ लोग पंजीकरण संख्या जेके02एयू-9918 वाले ट्रक में गोवंशीय पशुओं की तस्करी करने का प्रयास कर रहे थे।
त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस स्टेशन मीरां साहिब की एक टीम वाहन को रोकने के लिए मौके पर पहुंची। हालांकि जैसे ही पुलिस करीब पहुंची बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए और कथित तौर पर पुलिस पार्टी पर पत्थरों और लाठियों से हमला कर दिया। घटना के दौरान डीवीआर गारू चौधरी नामक एक एसपीओ को चोटें आईं और उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने और आत्मरक्षा के लिए हवाई फायरिंग का सहारा लिया गया जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और जांच जारी हैl
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता