राष्ट्रीय राजमार्ग पल्ली मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, महिला की मौत, चालक फरार
कठुआ, 13 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर पल्ली मोड़ के समीप रविवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार महिला की मौत हो गई जबकि बाइक चला रहा पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार कठुआ के जखबड़ निवासी रवि कुमार एक महिला के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान पल्ली मोड़ के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि रवि कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल रवि कुमार को उपचार के लिए जीएमसी कठुआ पहुंचाया गया जहां उनका इलाज जारी है। मृत महिला के शव को जीएमसी कठुआ के शवगृह में रखा गया है। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक का पता लगाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि किस ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी और फरार चालक की पहचान कर उसे पकड़ा जा सके। पुलिस ने हादसे को लेकर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया