आरएस पुरा-कुलियां सड़क पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो दूसरी लेन में जा घुसी

 


जम्मू, 02 नवंबर (हि.स.)।

जम्मू के आरएस पुरा-कुलियां सड़क मार्ग पर आरवी रिजॉर्ट के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक तेज रफ्तार सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी अचानक दूसरी लेन में जा घुसी और सड़क किनारे खड़े युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। मृतक की पहचान आरएस पुरा कस्बे के वार्ड नंबर 4 निवासी विपिन कुमार के रूप में हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही आरएस पुरा पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर लगे जाम को हटवाकर यातायात बहाल करवाया। पुलिस ने मृतक के शव को आरएस पुरा के उपजिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे के कारणों और घटना की अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता