'दरबार मूव' के चलते 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा
श्रीनगर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। कश्मीर के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (डीआईजी) ट्रैफिक हसीब-उर-रहमान ने गुरुवार को बताया कि 31 अक्टूबर और एक नवंबर को 'दरबार मूव' (राजधानी स्थानांतरण) के दौरान जम्मू से श्रीनगर की ओर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी, जबकि फलों से लदे ट्रकों को प्राथमिकता दी जाएगी।
रहमान ने कहा कि इस आवाजाही के लिए एक विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है, जिसमें 'दरबार मूव' से जुड़े वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हमने फलों से लदे ट्रकों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। अगर सड़क बंद होती है, तो हम उन्हें सबसे आगे खड़ा करेंगे, ताकि उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जम्मू भेजा जा सके। रहमान ने बताया कि अब तक ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है और कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई है।
उन्होंने कहा कि अगर आने वाले दिनों में मौसम खराब होता है, तो विभाग फलों से लदे ट्रकों को प्राथमिकता देने की पूरी कोशिश करेगा। उन्होंने यात्रियों को सलाह दी कि वे प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें। साथ ही सड़क की स्थिति के बारे में जानकारी पाने के लिए ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट को 103 नंबर पर कॉल किया जा सकता है। श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे के बारे में उन्होंने कहा कि सामान्य मौसम में ट्रैफिक सुचारू रूप से चल रहा है, लेकिन बारिश या बर्फबारी होने पर आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
श्रीनगर में बढ़ते ट्रैफिक जाम पर रहमान ने कहा कि वाहनों की बढ़ती संख्या इसका मुख्य कारण है। उन्होंने बताया कि सरकार पार्किंग सुविधाओं और सड़क के बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) को बेहतर बनाने के उपायों पर विचार कर रही है। उन्होंने बताया कि इन प्रस्तावों में बटमालू से बेमिना और डल गेट से पांडाच की ओर फ्लाईओवर बनाना, तथा बाईपास पर दो नए फ्लाईओवर का निर्माण शामिल है। रहमान ने कहा कि सड़क के बुनियादी ढांचे में सुधार होने से ट्रैफिक व्यवस्था और बेहतर होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सुरक्षा कारणों या संदिग्ध वाहनों की सूचना मिलने पर कभी-कभी बैरिकेड्स लगाए जाते हैं, लेकिन ट्रैफिक को बेवजह नहीं रोका जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता