कठुआ में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष कार्यक्रम, डोगरी गायिका सोनाली डोगरा देंगी लाइव प्रस्तुति

 


कठुआ, 01 मार्च (हि.स.)। जिला प्रशासन कठुआ द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को शाम 6 बजे से 8 बजे तक स्पोर्ट्स स्टेडियम कठुआ में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं की गरिमा, उपलब्धियों और योगदान का सम्मान करना है।

इस अवसर पर प्रसिद्ध डोगरी गायिका सोनाली डोगरा मुख्य आकर्षण रहेंगी और अपने लाइव सांस्कृतिक प्रदर्शन से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगी। कार्यक्रम के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पैनल चर्चा, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला उपलब्धिकारों का सम्मान तथा अन्य प्रेरणादायक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार सहित इस विशेष कार्यक्रम में शामिल होकर महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के इस संदेश को आगे बढ़ाने में सहभागी बनें। यह कार्यक्रम महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करने और समाज में उनके योगदान को रेखांकित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया