अमरनाथ यात्रियों के लिए सात्विक भोजन की विशेष व्यवस्था, एकादशी व्रतधारियों के लिए अलग प्रबंध

 


जम्मू, 02 जुलाई (हि.स.)। अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा के उद्देश्य से अखिल भारतीय धर्म प्रचार सेवा समिति जम्मू-कश्मीर द्वारा आयोजित 10वें विशाल भंडारे का शुभारंभ गुरुवार को धार्मिक विधि-विधान के साथ किया गया। भंडारे का उद्घाटन दिगंबर अखाड़ा के महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 आचार्य बंसीदास जी महाराज ने समिति के राष्ट्रीय समन्वयक सुनील शर्मा की उपस्थिति में किया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश पूजन, वैदिक मंत्रोच्चारण और बम-बम भोले के जयघोष के साथ हुई। इस अवसर पर डीबीपीएस के अध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा, सनातन धर्म सभा के पूर्व अध्यक्ष जगदीश डोगरा तथा जीसीपीएफ के यश पाल शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर समिति के राष्ट्रीय समन्वयक सुनील शर्मा ने बताया कि अमरनाथ यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को पूरे समय स्वच्छ, स्वादिष्ट, ऊर्जा प्रदान करने वाला तथा आसानी से पचने वाला सात्विक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि एकादशी का व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग से विशेष भोजन की व्यवस्था भी की गई है। समिति के प्रवक्ता स्वतंत्र बख्शी ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले सभी तीर्थयात्रियों के लिए पर्याप्त भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि समिति पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी पूरी श्रद्धा और सेवा भाव के साथ यात्रियों की सेवा में जुटी हुई है तथा बाबा अमरनाथ के आशीर्वाद से यह सेवा निरंतर जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा