डॉ. दुष्यंत उब्बोट की कमी समाज को हमेशा खलेगी, श्री ब्राह्मण सभा ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

 


कठुआ, 07 अक्टूबर (हि.स.)। श्री ब्राह्मण सभा कठुआ की ओर से बुधवार को सभा परिसर में श्री ब्राह्मण सभा कठुआ के पूर्व प्रधान एवं संस्थापक स्वर्गीय डॉ. दुष्यंत उब्बोट की स्मृति में शोक सभा आयोजित की गई। डॉ. दुष्यंत उब्बोट का 3 अक्तूबर को निधन हुआ था। सभा के सदस्यों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर वक्ताओं ने डॉ. दुष्यंत उब्बोट के ब्राह्मण समाज एवं सामाजिक क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. उब्बोट सरल, शांत और हंसमुख स्वभाव के व्यक्तित्व थे। चिकित्सक के रूप में सेवाएं देने के साथ उन्होंने ब्राह्मण सभा और समाज के सभी वर्गों के लिए उल्लेखनीय कार्य किया। वे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत थे और सभा की गतिविधियों में हमेशा बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए सभी को मार्गदर्शन देते थे। सदस्यों ने कहा कि डॉ. उब्बोट का निधन ब्राह्मण समाज के लिए अपूरणीय क्षति है जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। सभी ने भगवान से दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

शोक सभा के बाद ब्राह्मण सभा के सदस्य डॉ. उब्बोट के निवास स्थान पर पहुंचे और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। यहां उनके साथ कार्य कर चुके लोगों ने भी अपने संस्मरण साझा करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सभा अध्यक्ष सुरेंद्र मेहता, मास्टर अमरनाथ शर्मा, ओंकार शर्मा, अजय शर्मा, प्रो. शुभ शर्मा, सतपाल मनसोत्रा, मनुज केसर, सचिन खजूरिया, अनिल शर्मा, अमित शर्मा, योगराज शर्मा सहित सभा के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया