सएमवीडीयू की ‘टीम क्रॉलर्स’ ने एसएई इंडिया ई-बाजा प्रतियोगिता के अगले चरण में बनाई जगह

 


जम्मू, 30 जुलाई (हि.स.)। श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय (एसएमवीडीयू), ककरियाल की टीम क्रॉलर्स ने इंजीनियरिंग नवाचार के क्षेत्र में एक और उपलब्धि हासिल करते हुए प्रतिष्ठित एसएई इंडिया ई-बाजा प्रतियोगिता के अगले चरण के लिए क्वालीफाई किया है। टीम ने 19 जुलाई को आयोजित वर्चुअल डिजाइन राउंड में अपने ऑल-टेरेन व्हीकल (एटीवी) के डिजाइन और तकनीकी विश्लेषण का सफलतापूर्वक प्रस्तुतिकरण किया। टीम में मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन, सिविल तथा कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग के बीटेक विद्यार्थियों ने भाग लिया। टीम का नेतृत्व कप्तान हृतिक श्रीवास्तव और उप-कप्तान अभुदय सिंह ने किया जबकि मार्गदर्शन स्कूल ऑफ मैकेनिकल इंजीनियरिंग के सहायक प्रोफेसर डॉ. कपिल चोपड़ा और डॉ. अमित कुमार सिन्हा ने किया।

टीम द्वारा विकसित ऑल-टेरेन व्हीकल को कठिन ऑफ-रोड परिस्थितियों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इसमें 1430 मिमी व्हीलबेस, 330 मिमी ग्राउंड क्लीयरेंस, 170 किलोग्राम कर्ब वेट, 65 किलोमीटर प्रति घंटा की अधिकतम गति और 77.78 प्रतिशत ग्रेडेबिलिटी जैसी विशेषताएं शामिल हैं। टीम ने एआईएसआई 4130 क्रोम-मॉली स्टील रोल केज के साथ वाहन की टॉर्शन, फ्रंट, रियर, साइड इम्पैक्ट और रोलओवर संबंधी कंप्यूटर आधारित इंजीनियरिंग (सीएई) विश्लेषण भी प्रस्तुत किया।

तकनीकी सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने निर्णायकों के प्रश्नों का आत्मविश्वास के साथ उत्तर देकर अपने डिजाइन और इंजीनियरिंग ज्ञान का प्रदर्शन किया। स्कूल ऑफ मैकेनिकल इंजीनियरिंग के प्रमुख डॉ. यथेष्ठ आनंद ने टीम की मेहनत, तकनीकी दक्षता और टीमवर्क की सराहना करते हुए इसे विश्वविद्यालय में नवाचार और व्यावहारिक शिक्षा की मजबूत परंपरा का परिणाम बताया। विश्वविद्यालय के कुलपति ने भी टीम क्रॉलर्स, फैकल्टी समन्वयकों और स्कूल ऑफ मैकेनिकल इंजीनियरिंग को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए विश्वास जताया कि टीम प्रतियोगिता के आगामी चरणों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा