शिवसेना ने जम्मू-कश्मीर के पूर्ण राज्य दर्जे और अधिकार बहाली की मांग की

 

जम्मू,, 16 मई (हि.स.)।

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने जम्मू-कश्मीर से केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए राज्य के अधिकारों और पहचान को बहाल करने की मांग की है। श्रीनगर में तीन दिवसीय कश्मीर दौरे के दूसरे दिन आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी की जम्मू-कश्मीर इकाई के प्रदेश प्रमुख मनीश साहनी ने कहा कि अब जनता केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होगी और केंद्र को अपनी नीतियों एवं नीयत को स्पष्ट करना होगा। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा (स्टेटहुड) तुरंत बहाल किया जाए तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत किया जाए क्योंकि निर्वाचित सरकार के अधिकारों में कटौती लोकतंत्र की भावना के विपरीत है।

साहनी ने यह भी मांग की कि राज्य को संवैधानिक विशेष सुरक्षा व्यवस्था के दायरे में शामिल किया जाए ताकि स्थानीय लोगों के भूमि, संसाधन और रोजगार अधिकार सुरक्षित रह सकें। उन्होंने उप-राज्यपाल व्यवस्था पर निर्णय प्रक्रिया के केंद्रीकरण का आरोप लगाते हुए राजनीतिक भविष्य के लिए स्पष्ट और समयबद्ध रोडमैप की मांग की।

कश्मीरी पंडितों के पुनर्वास पर बोलते हुए पार्टी ने कहा कि उनकी वापसी केवल कॉलोनियों तक सीमित नहीं होनी चाहिए बल्कि सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक स्वीकार्यता के साथ सुनिश्चित की जानी चाहिए। वहीं कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जिलों से आए युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शिवसेना की सदस्यता भी ली जिस पर पार्टी नेतृत्व ने इसे जनता के बढ़ते समर्थन का संकेत बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता